दिल्ली से वाहन लेकर आते थे आरोपी, मॉल और रेस्तरां के बाहर खड़ी लग्जरी कारों को बनाते थे निशाना
CRIME DESK : शहर में वाहन मालिकों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो अंतरराज्यीय गिरोहों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 और पालम विहार की अलग-अलग टीमों ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले उन स्थानों की पहचान करते थे जहां बड़ी संख्या में महंगी गाड़ियां खड़ी रहती थीं। इसके बाद वे रेस्तरां, शॉपिंग मॉल और बाजारों के बाहर खड़ी कारों पर नजर रखते और मौका मिलते ही उनके शीशे तोड़कर अंदर रखा कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
रेकी के बाद कुछ ही मिनटों में देते थे वारदात को अंजाम
जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली से अर्टिगा कार और स्कूटी पर सवार होकर गुरुग्राम पहुंचते थे। गिरोह के सदस्य आपस में काम बांटकर चलते थे। एक आरोपी आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता था, जबकि दूसरा औजारों से कार का शीशा तोड़कर सामान निकालता था। इस तरीके से आरोपी लैपटॉप, नकदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो जाते थे।
शंकर चौक और बंजारा मार्केट की चोरी के मामले सुलझे
पुलिस की इस कार्रवाई से शंकर चौक और बंजारा मार्केट के आसपास हुई चोरी की वारदातों की गुत्थी सुलझाने में मदद मिली है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदातों में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार, स्कूटी, तीन मोबाइल फोन और शीशे तोड़ने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
शादी समारोहों में सजावट का काम करते हैं कुछ आरोपी
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में पकड़े गए आरोपियों में कुछ लोग शादी समारोहों में डेकोरेशन का काम करते हैं। वहीं, सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अब उनसे अन्य संभावित वारदातों और चोरी के सामान के बारे में पूछताछ कर रही है।









