दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह ने फिर मांगी 3 दिन की अंतरिम जमानत

PUNJAB DESK : खडूर साहिब से सांसद और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के प्रमुख अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए अदालत में दोबारा अंतरिम जमानत की मांग की है। उनकी कानूनी टीम ने तीन दिन की राहत देने के लिए नई याचिका दाखिल की है। इस मामले में उनके दो रिश्तेदारों की ओर से भी आवेदन दिया गया है।

सोमवार को नई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को अपना पक्ष रखे जाने की संभावना है। इसके बाद अदालत इन आवेदनों पर फैसला करेगी।

पहले मिली 3 घंटे की जमानत का नहीं हो पाया इस्तेमाल

अमृतपाल सिंह के वकील हरजोत मान के अनुसार, अदालत ने इससे पहले 13 नवंबर को उन्हें तीन घंटे की अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया था। यह राहत 14 नवंबर के लिए थी, लेकिन डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन की ओर से ईमेल के माध्यम से बताया गया कि इतने कम समय में जरूरी व्यवस्थाएं करना संभव नहीं हो पाया। वकील का कहना है कि पुराना आदेश अब प्रभावी नहीं रह गया था और उसमें संशोधन भी संभव नहीं था। इसी वजह से कानूनी टीम को नए आधार पर दोबारा आवेदन दाखिल करना पड़ा।

21 से 23 नवंबर तक की मांगी गई अनुमति

नई याचिका में अमृतपाल सिंह को 21 से 23 नवंबर तक तीन दिन की अंतरिम जमानत देने की मांग की गई है। इस अवधि के दौरान परिवार की ओर से तीन धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं:

  • 21 नवंबर: दादी चरण कौर का अंतिम संस्कार।

  • 22 नवंबर: अस्थियां एकत्र करने की रस्म।

  • 23 नवंबर: भोग समारोह।

चाचा हरजीत सिंह के लिए भी दाखिल हुई याचिका

अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह, जो बठिंडा जेल में बंद हैं, के लिए भी तीन दिन की अंतरिम जमानत का आवेदन दिया गया है। इससे पहले उन्हें 14 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जल्लूपुर खेड़ा लाया गया था, लेकिन अंतिम संस्कार स्थगित होने के कारण उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। फिलहाल अदालत में पंजाब सरकार के जवाब और आगामी सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। अमृतपाल सिंह को तीन दिन की अंतरिम जमानत मिलेगी या नहीं, इसका फैसला अदालत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *