पूर्व पुलिस अधिकारी सुरेंद्र धोगड़ी ने भी ली सदस्यता
PUNJAB DESK : पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं। आम आदमी पार्टी ने अपने संगठन में दो नए नेताओं को शामिल किया है। भाजपा युवा मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश नेता प्रशांत गंभीर और पूर्व डीएसपी सुरेंद्र कुमार धोगड़ी ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की मौजूदगी में AAP की सदस्यता ग्रहण की।
प्रशांत गंभीर का भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में आना जालंधर उत्तर की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके पार्टी बदलने के पीछे मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होना बताया गया है।
गंभीर ने AAP सरकार के कामकाज पर जताया भरोसा
पार्टी में शामिल होने के बाद प्रशांत गंभीर ने भगवंत मान के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंजाब में जारी विकास कार्यों और सरकार की सोच ने उन्हें आम आदमी पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनके शामिल होने से जालंधर उत्तर में पार्टी के स्थानीय संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस सेवा के बाद अब राजनीतिक सफर शुरू करेंगे धोगड़ी
पूर्व डीएसपी सुरेंद्र कुमार धोगड़ी ने भी पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद अपना राजनीतिक सफर शुरू करने के लिए आम आदमी पार्टी को चुना है। वह जालंधर देहाती में पुलिस सेवाएं दे चुके हैं। पार्टी में शामिल होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रति आभार व्यक्त किया।
71 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है AAP
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी अपनी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है। पार्टी अब तक 40 और 31 उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी कर चुकी है। इस तरह कुल 71 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। ऐसे राजनीतिक माहौल में भाजपा के एक वरिष्ठ युवा मोर्चा नेता और पूर्व पुलिस अधिकारी का AAP में शामिल होना राज्य की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे रहा है।









