पंजाब में चुनावी रणनीति को धार देने पहुंचे CR पाटिल, आज चंडीगढ़ में BJP नेताओं से करेंगे मुलाकात

PUNJAB DESK :  पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सीआर पाटिल मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। पंजाब में पार्टी की चुनावी रणनीति की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला राज्य दौरा है।

पाटिल पिछले करीब तीन महीनों से पंजाब में भाजपा की चुनावी तैयारियों और रणनीति पर काम कर रहे हैं। पार्टी के लिए कराए गए विभिन्न सर्वेक्षणों और जमीनी फीडबैक की समीक्षा में भी उनकी अहम भूमिका बताई जा रही है। इन सर्वेक्षणों में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन की जरूरत का संकेत मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाटिल भी इस गठबंधन के पक्ष में बताए जा रहे हैं।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में होंगे शामिल

अपने दौरे के दौरान सीआर पाटिल चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आयोजित एक सम्मान समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह पंजाब भाजपा के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और पार्टी के प्रदेश कार्यालय भी जा सकते हैं। इस बैठक में राज्य में संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। राजनीतिक हलकों में इस बात पर भी नजर रहेगी कि क्या पाटिल इस दौरे के दौरान शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से मुलाकात करते हैं या नहीं। दोनों नेताओं की पहले भी मुलाकात हो चुकी है।

पंजाब में गठबंधन की संभावनाओं पर रहेंगी निगाहें

भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित राजनीतिक समझौता इस दौरे का अहम मुद्दा माना जा रहा है। दोनों दल पहले भी गठबंधन में रह चुके हैं, लेकिन कृषि कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच फिर से नजदीकियां बढ़ने की चर्चाएं हैं।

हालांकि, भाजपा के पंजाब संगठन में गठबंधन को लेकर अलग-अलग विचार सामने आते रहे हैं। पार्टी के कुछ नेता इसे चुनावी दृष्टि से जरूरी मानते हैं, जबकि पुराने कार्यकर्ताओं का एक वर्ग इसके पक्ष में नहीं बताया जा रहा। ऐसे में पाटिल की बैठक में इस मुद्दे पर क्या रुख सामने आता है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी।

चुनावी रणनीति में पाटिल की अहम भूमिका

सीआर पाटिल को चुनावी प्रबंधन और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति के लिए जाना जाता है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में भी भाजपा की चुनावी रणनीति संभालते रहे हैं। हालांकि, पंजाब के लिए उन्हें औपचारिक रूप से चुनाव प्रभारी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन पिछले कई महीनों से वह राज्य में पार्टी की चुनावी तैयारियों का नेतृत्व कर रहे हैं। उनका यह दौरा पंजाब में भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति और संभावित गठबंधन को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *