हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने गाड़ी और शराब कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई
PUNJAB DESK । पंजाब के तरनतारन जिले में पट्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव सरहाली के नजदीक तड़के एक फॉर्च्यूनर गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में अवैध शराब की 50 पेटियां रखी हुई थीं। डिवाइडर से टकराने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर गाड़ी फिरोजपुर की तरफ से आ रही थी। गांव सरहाली के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया और पलटकर खेतों में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गाड़ी में फंसे चालक गुरमुख सिंह को बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन पहुंचाया।
गंभीर हालत में अमृतसर किया गया रेफर
सिविल अस्पताल तरनतारन में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया।
तलाशी में मिली अवैध शराब की 50 पेटियां
थाना सरहाली में तैनात ASI धीर सिंह के अनुसार, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर की तलाशी ली तो उसमें से अवैध शराब की 50 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों की ओर से भी जानकारी दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









