फिल्लौर में छठ पूजा मेले के दौरान पराली में लगी भीषण आ/ग, पटाखे की चिंगारी से हादसे की आशंका

जालंधर। फिल्लौर में सतलुज दरिया के किनारे आयोजित छठ पूजा मेले के दौरान आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, मेले में चलाए जा रहे पटाखों के कारण वहां रखी पशुओं के चारे की पराली में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना सतलुज दरिया के किनारे बसे गुज्जर समुदाय के क्षेत्र में हुई। समुदाय के लोगों ने पशुओं के लिए चारे के तौर पर पराली इकट्ठा करके रखी हुई थी। इसी दौरान छठ पूजा के लिए पहुंचे कुछ लोगों की ओर से पटाखे चलाए जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि पटाखे से निकली चिंगारी पराली तक पहुंची, जिसके बाद उसमें आग भड़क उठी।

आग की लपटें देखकर मची अफरा-तफरी

पराली में आग लगते ही ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

जाम के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में हुई देरी

घटनास्थल के आसपास भारी जाम होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचने के बाद भी टीम को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम के चलते राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। खबर लिखे जाने तक आग की लपटें उठ रही थीं और फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी। आग से पराली को नुकसान पहुंचने की जानकारी है। नुकसान की पूरी मात्रा और घटना में किसी के घायल होने को लेकर फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *