34 साल बाद ट्रांसपोर्टर के लापता होने के मामले में आया फैसला

पंजाब के पूर्व SSP को 5 वर्ष की जेल

PUNJAB DESK :  पंजाब पुलिस के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी को तीन दशक से अधिक पुराने मामले में अदालत से सजा सुनाई गई है। मोहाली की विशेष CBI अदालत ने पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी के लापता होने से जुड़े मामले में पांच साल के कारावास की सजा दी है। यह मामला नवंबर 1992 का है, जब अमरीक सिंह लुधियाना में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।

शादी समारोह से ले जाने के बाद नहीं मिला कोई सुराग

मामले में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, 25 नवंबर 1992 को अमरीक सिंह सकरी लुधियाना के होटल अमलतास में अपने रिश्तेदार की शादी में पहुंचे थे। आरोप था कि वहां से तरनतारन पुलिस की टीम उन्हें अपने साथ ले गई थी। इसके बाद परिवार को उनकी कोई जानकारी नहीं मिली।

अपहरण और साजिश की धाराओं में सुनाई सजा

अदालत ने गुरमीत सिंह रंधावा को भारतीय दंड संहिता की धारा 365 और 120-B के तहत दोषी माना। धारा 365 के तहत पांच साल और आपराधिक साजिश की धारा 120-B के तहत दो साल की कैद सुनाई गई। दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी, इसलिए उन्हें कुल पांच साल जेल में रहना होगा। अदालत ने पूर्व SSP पर कुल 75 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

दूसरे आरोपी को अदालत से राहत

इसी मामले में आरोपी कांस्टेबल परमिंदरजीत सिंह उर्फ बब्बू को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा अदालत की कार्यवाही में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए थे।

परिवार ने सुप्रीम कोर्ट में भी उठाया था मामला

अमरीक सिंह के लापता होने के बाद परिवार ने उनकी तलाश के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी। वर्ष 1996 में उनकी पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उस समय पंजाब सरकार ने अदालत में अमरीक सिंह की मौत होने की जानकारी दी थी और भोग से संबंधित विज्ञापन भी प्रस्तुत किए थे। हालांकि, परिवार ने इस दावे पर सवाल उठाए थे। इसके बाद मामले की जांच CBI को सौंप दी गई। करीब 34 साल पुराने इस मामले में अदालत का फैसला आने के बाद एक बार फिर पंजाब में पुराने लापता मामलों और न्याय की लंबी प्रक्रिया पर चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *