PUNJAB DESK : शहर की खेल पहचान का अहम हिस्सा रहा गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम आज रखरखाव की कमी से जूझ रहा है। वर्ष 1971 में शुरू हुए इस स्टेडियम की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। करीब 22 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान में गंदगी, टूटी सुविधाएं और खराब रखरखाव की तस्वीर सामने आई है।
दौड़ने वाले ट्रैक पर उगी घास, बाथरूम की हालत भी खराब
कांग्रेस नेता और प्रवक्ता जगदीप सिंह सोनू ने स्टेडियम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह मैदान कई पुराने खिलाड़ियों की कर्मभूमि रहा है। यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने पंजाब का नाम रोशन किया है, लेकिन आज इसकी देखभाल की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि जिस ट्रैक पर खिलाड़ी दौड़ लगाते हैं, वहां करीब दो-दो फीट तक घास उगी हुई है। बाथरूम में भी सामान टूटा पड़ा है और सफाई के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते। उनके मुताबिक, स्टेडियम की देखभाल के लिए केवल एक कर्मचारी मौजूद है।
खिलाड़ियों की संख्या में आई भारी कमी
जगदीप सिंह सोनू ने बताया कि पहले यहां पावरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग का अभ्यास करने वाले करीब 125 खिलाड़ी आते थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर लगभग 15 से 20 रह गई है। उन्होंने इसके पीछे कोच की कमी को भी एक बड़ी वजह बताया। उन्होंने रणजीत सिंह देओल का उदाहरण देते हुए कहा कि इस स्टेडियम ने कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। ऐसे में इसकी मौजूदा स्थिति खेलों से जुड़े लोगों के लिए चिंता का विषय है।
छत की सीलिंग में दरारें, हादसे की जताई आशंका
कांग्रेस नेता ने स्टेडियम की इनडोर सुविधाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। उनके अनुसार, भवन की सीलिंग पर दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे भविष्य में किसी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान मैदान की स्थिति और खराब हो जाती है, जिसके चलते लोग यहां सैर करने से भी कतराते हैं।
प्रशासन से पुराने स्टेडियम की मरम्मत की मांग
जगदीप सिंह सोनू ने प्रशासन से गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम की सफाई, मरम्मत और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जालंधर देश-विदेश में स्पोर्ट्स हब के रूप में जाना जाता है और यहां खेल उद्योग की अलग पहचान है। ऐसे में नए खेल परिसरों के साथ शहर के पुराने स्टेडियमों को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मैदान, इनडोर परिसर और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में सुधार करवाने की मांग की।









