जसवीर गढ़ी ने उठाए दलित सम्मान के मुद्दे
PUNJAB DESK : कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की प्रस्तावित ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ को लेकर चमकौर साहिब में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। यात्रा के पहुंचने से पहले आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जसवीर सिंह गढ़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दलित समाज के सम्मान और अधिकारों से जुड़े कई सवाल उठाए।
गढ़ी ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने की बात करने वाली कांग्रेस को पहले दलित समाज से जुड़े मामलों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब युवाओं के भविष्य की चिंता की जा रही है, तो दलित समाज के अधिकारों और सम्मान की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
आप नेता ने 27 अक्टूबर को कांग्रेस भवन में रणजीत सिंह तरखाण माजरा के साथ हुई कथित मारपीट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में रोपड़ से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा उम्मीदवार बरिंदर सिंह ढिल्लों का नाम सामने आया था, लेकिन कांग्रेस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। गढ़ी ने चन्नी से इस मामले पर जवाब देने की मांग की।
उन्होंने चन्नी के कथित बयान पर भी सवाल खड़े किए, जिसमें रणजीत सिंह तरखाण माजरा के चार थप्पड़ न मार पाने की बात कही गई थी। गढ़ी के अनुसार, विवादों का हल हिंसा से नहीं, बल्कि कानून और संविधान के अनुसार होना चाहिए। गढ़ी ने कहा कि जब चन्नी के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां हुई थीं, तब दलित समाज उनके साथ खड़ा हुआ था। ऐसे में अब दलित समाज के सम्मान से जुड़े मामले पर उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है।
उन्होंने चमकौर साहिब से दलित समाज को एकजुट करने की मुहिम शुरू करने की बात कही। साथ ही ऐलान किया कि कांग्रेस की यात्रा जिन-जिन स्थानों पर पहुंचेगी, वहां दलित समाज अपने अधिकारों और सम्मान के मुद्दे उठाएगा। इसके अलावा गढ़ी ने साइकिल यात्रा के लिए खरीदी गई साइकिलों की लागत और उनके लिए इस्तेमाल किए गए फंड के स्रोतों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की।









