पंजाब चुनाव से पहले AAP की दूसरी उम्मीदवार सूची पर नजर

दिल्ली में PAC बैठक के बाद हो सकता है ऐलान

PUNJAB DESK : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की दूसरी उम्मीदवार सूची 12 नवंबर को जारी होने की संभावना है। उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लेने के लिए पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक नई दिल्ली में होने वाली है।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया भी मौजूद रह सकते हैं। इसके बाद केजरीवाल के आवास पर PAC की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा और मंजूरी दी जा सकती है।

पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित

AAP ने 31 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत 40 मौजूदा विधायकों को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया था। पार्टी ने चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित कर अपनी रणनीति का संकेत दिया था।

दूसरी सूची में नए चेहरों को मिल सकता है मौका

दूसरी सूची को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट पर दोबारा विचार कर सकती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आंतरिक सर्वे के आधार पर कुछ सीटों पर नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला PAC की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और 2027 के चुनाव को देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। अब सबकी नजर AAP की दूसरी सूची पर है, जिससे पार्टी के अगले चुनावी समीकरण की तस्वीर कुछ और साफ हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *