बटाला को जिला बनाने की मांग पर विधायक शैरी कलसी के घर के बाहर वकीलों का धरना

 2027 चुनाव में विरोध की चेतावनी

PUNJAB DESK :  बटाला को जिला बनाने की मांग को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर बटाला बार एसोसिएशन के वकीलों ने विधायक शैरी कलसी के आवास के बाहर धरना देकर अपना विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले विधायक ने बटाला को जिला बनाने का वादा किया था, लेकिन पांच साल बीतने के बावजूद यह मांग पूरी नहीं हुई।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि कुछ दिन पहले उन्होंने विधायक से मुलाकात कर इस मुद्दे पर बात की थी। इस दौरान विधायक की ओर से कथित तौर पर जवाब दिया गया कि अगली सरकार बनने पर बटाला को जिला बनाया जाएगा। वकीलों ने इस जवाब पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि जब मौजूदा कार्यकाल में वादा पूरा नहीं हुआ तो अगली सरकार में इसे पूरा करने का भरोसा कैसे किया जा सकता है।

आने वाले दिनों में आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट सतिंदर पाल सिंह ने कहा कि बटाला को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। उनका आरोप है कि विधायक ने चुनाव से पहले इस संबंध में भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि फिलहाल वकीलों ने कम समय के लिए धरना दिया है, लेकिन यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन की अवधि बढ़ाई जाएगी।

2027 के चुनाव में विरोध करने का ऐलान

प्रदर्शन में शामिल वकील रघवीर सिंह ने भी बटाला को जिला बनाने की मांग को लेकर नाराजगी जाहिर की। वकीलों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती तो वे 2027 के विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक शैरी कलसी के खिलाफ प्रचार करेंगे। बार एसोसिएशन का कहना है कि बटाला को जिला बनाने का मुद्दा केवल वकीलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के विकास और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़ा हुआ है। अब देखना होगा कि विधायक और सरकार इस मांग पर क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *