गुरुजी के दरबार में बॉलीवुड का जमावड़ा, भूमि पेडनेकर से लेकर नील नितिन मुकेश तक ने टेका माथा

ENTERTAINMENT DESK : गुरुजी के महासत्संग में कलाकारों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने पहुंचकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस धार्मिक कार्यक्रम में अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, अभिनेता नील नितिन मुकेश और चाहत खन्ना सहित कई चर्चित चेहरे शामिल हुए।

आरती के समय छलके चाहत खन्ना के आंसू

कार्यक्रम से सामने आए वीडियो में अभिनेत्री चाहत खन्ना आरती के दौरान भावुक दिखाई दीं। वह आंखें बंद कर प्रार्थना करती नजर आईं और इसी दौरान उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। दूसरी ओर भूमि पेडनेकर भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुईं। बैंगनी रंग के पारंपरिक परिधान में पहुंचीं अभिनेत्री ने आरती की और हाथ जोड़कर प्रार्थना की।

नील नितिन मुकेश ने श्रद्धालुओं के बीच बांटा प्रसाद

अभिनेता नील नितिन मुकेश भी महासत्संग में खास अंदाज में नजर आए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को प्रसाद वितरित किया। इस आयोजन में संगीत और फिल्म जगत की कई अन्य हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इनमें टी-सीरीज के भूषण कुमार, संगीतकार हिमेश रेशमिया, अभिनेत्री सेलिना जेटली, फिल्म निर्माता गुनीत मोंगा, ललित पंडित, रोहन गांधीत्रा, सोनाली सहगल, साहिल सलाथिया, पूजा चोपड़ा और राय लक्ष्मी के नाम शामिल हैं।

गुरुजी के प्रति बॉलीवुड हस्तियों की आस्था

गुरुजी के नाम से प्रसिद्ध निर्मल सिंह जी महाराज के अनुयायी देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद हैं। उनके भक्त उन्हें गुरुजी छतरपुर वाले और शुक्राना गुरुजी के नाम से भी संबोधित करते हैं। उनके आध्यात्मिक संदेशों और सत्संगों से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हुए हैं।

गुरुजी का जन्म पंजाब के दुगरी गांव में हुआ था। उनके अनुयायी उन्हें भगवान शिव का स्वरूप मानते हैं। बॉलीवुड की कई हस्तियां भी लंबे समय से उनसे जुड़ी धार्मिक गतिविधियों में भाग लेती रही हैं। मुंबई में हुए इस महासत्संग की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह आयोजन मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *