डेरा सचखंड बल्लां से समरसता यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी, 50 से 60 हजार लोगों के बैठने के लिए तैयार हो रहा विशाल पंडाल
PUNJAB DESK : पंजाब में भाजपा ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को जालंधर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह डेरा सचखंड बल्लां के पास आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित समरसता यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही वह एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
रायपुर रसूलपुर में तैयार हो रहा विशाल पंडाल
नितिन नवीन के दौरे को लेकर जालंधर के गांव रायपुर रसूलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक बनाए जा रहे पंडाल में करीब 50 से 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। कुर्सियों से लेकर कार्यक्रम स्थल की अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर की रात 8 बजे तक पंडाल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
जालंधर से शुरू होकर वाराणसी पहुंचेगी यात्रा
समरसता यात्रा 18 नवंबर को जालंधर से रवाना होगी और 5 दिसंबर को वाराणसी में इसका समापन होगा। यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान कुल 46 शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण है डेरा सचखंड बल्लां
डेरा सचखंड बल्लां रविदासिया समुदाय का प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र है। गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़े इस डेरे का पंजाब में सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी विशेष प्रभाव माना जाता है। यही कारण है कि राज्य की राजनीतिक पार्टियां इस समुदाय के साथ संवाद और जुड़ाव को महत्व देती हैं। 18 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी और हजारों लोगों की संभावित भागीदारी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।









