अमृतपाल सिंह की दादी के निधन के बाद पैरोल की मांग

अंतिम संस्कार से भोग तक शामिल होने के लिए अदालत में अर्जी

PUNJAB DESK : खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर (84) के निधन के बाद परिवार में शोक का माहौल है। दादी की अंतिम विदाई और धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह समेत तीन परिजनों की पैरोल की मांग को लेकर वकीलों के पैनल ने अमृतसर की अदालत का रुख किया है।

दायर याचिका में अमृतपाल सिंह, उनके चाचा हरजीत सिंह जल्लूपुर खेड़ा और दोहते सुखमनदीप सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल से पैरोल पर रिहा करने की मांग की गई है। कानूनी टीम ने अपील की है कि उन्हें अंतिम संस्कार के साथ-साथ आगे होने वाली धार्मिक परंपराओं में भी शामिल होने का अवसर दिया जाए।

अंतिम समय में पोते से मुलाकात नहीं हो सकी

जानकारी के मुताबिक, माता चरण कौर लंबे समय से बीमार थीं और बिस्तर पर थीं। उन्होंने शाम करीब चार बजे अंतिम सांस ली। वकीलों और परिवार के प्रतिनिधियों के अनुसार, माता चरण कौर अपने पोते अमृतपाल सिंह से काफी लगाव रखती थीं और आखिरी समय में उनसे मिलना चाहती थीं।

पहले भी वीडियो कॉल के लिए अदालत में लगाई गई थी अर्जी

कानूनी टीम के वकील करमवीर सिंह और एडवोकेट मनसा ने बताया कि माता चरण कौर के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अमृतपाल सिंह की उनसे बातचीत करवाने के लिए अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कराने की मांग की गई थी।

वकीलों ने आरोप लगाया कि अदालत में निर्देशों और मानवीय आधार पर की गई अपील के बावजूद प्रशासन की ओर से बातचीत की व्यवस्था नहीं हो सकी। उनके मुताबिक, बीमारी के दौरान माता चरण कौर की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनका निधन हो गया।

10 से 12 दिन की पैरोल की मांग

अदालत में दाखिल नई याचिका में वकीलों ने सिख धार्मिक परंपराओं का हवाला देते हुए बताया कि अंतिम संस्कार के अलावा अस्थियां एकत्र करने और विसर्जन, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सहज पाठ तथा भोग जैसी रस्मों के लिए समय की जरूरत होती है। इसी आधार पर कानूनी टीम ने कम से कम 10 से 12 दिनों की पैरोल देने की मांग रखी है। वकीलों का कहना है कि यदि पूरी अवधि की अनुमति देना संभव न हो तो धार्मिक कार्यक्रमों के अनुसार अलग-अलग चरणों में राहत दी जाए।

सरकार और प्रशासन की रिपोर्ट के बाद होगा फैसला

कानूनी पक्ष का कहना है कि परिवार के इस मुश्किल समय में अपने परिजनों को अंतिम विदाई देने का अवसर मिलना चाहिए। वकीलों के अनुसार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट की ओर से संबंधित सरकार और प्रशासन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद अदालत उपलब्ध रिपोर्ट और परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लेगी।

पैरोल मिलने तक अंतिम संस्कार रोकने पर परिवार करेगा विचार

जब वकीलों से पूछा गया कि क्या पैरोल पर फैसला आने तक माता चरण कौर का अंतिम संस्कार रोका जाएगा, तो उन्होंने बताया कि परिवार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करने का प्रयास करेगा। हालांकि, अंतिम संस्कार की तारीख और समय को लेकर अंतिम निर्णय अदालत के आदेश तथा सरकारी जवाब के बाद परिवार से विचार-विमर्श करके लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *