दिवाली के बाद पंजाब की हवा हुई जहरीली, मंडी गोबिंदगढ़ में AQI 445; कई शहरों में छाई धुंध

PUNJAB DESK : दिवाली के बाद पंजाब के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। पटाखों से निकले धुएं के साथ खेतों में पराली जलाने, वाहनों के उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और कचरा जलाने से हवा की गुणवत्ता और बिगड़ गई है। हालात सबसे ज्यादा औद्योगिक शहर मंडी गोबिंदगढ़ में चिंताजनक रहे, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 445 तक पहुंच गया। यह स्तर हवा को गंभीर श्रेणी में रखता है।

आधी रात तक होती रही आतिशबाजी

रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन की ओर से पटाखे चलाने के लिए समय सीमा निर्धारित किए जाने के बावजूद कई शहरी इलाकों में आधी रात तक आतिशबाजी होती रही। इसके चलते रिहायशी क्षेत्रों, सड़कों और बाजारों में धुएं की परत छा गई। लोगों ने पटाखों के धुएं की तेज गंध और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें भी कीं।

मंडी गोबिंदगढ़ में प्रदूषण गंभीर स्तर पर

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार 8 नवंबर को मंडी गोबिंदगढ़ में AQI 445 दर्ज किया गया। इससे पहले 6 नवंबर को यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 319 था। दिवाली के बाद प्रदूषण में आई यह बढ़ोतरी स्थिति की गंभीरता को दर्शाती है।

लुधियाना, जालंधर और खन्ना की हवा भी खराब

दिवाली से पहले 7 नवंबर को भी पंजाब के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार:

  • लुधियाना में AQI: 281

  • जालंधर में AQI: 260

  • खन्ना में AQI: 249

  • पटियाला में AQI: 184

वहीं, अमृतसर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई थी।

पराली जलाने की घटनाओं ने बढ़ाई मुश्किल

पंजाब में धान की कटाई के सीजन के दौरान खेतों में पराली जलाने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। 7 नवंबर तक राज्य में ऐसी घटनाओं की संख्या 3,300 के पार पहुंच गई थी। खेतों से उठने वाला धुआं पहले से प्रदूषित वातावरण में अतिरिक्त प्रदूषण जोड़ रहा है।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए ज्यादा चिंता

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहने से सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। अस्थमा, फेफड़ों और दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके अलावा आंखों, नाक और त्वचा में जलन या एलर्जी की समस्या भी हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषण का अधिक खतरा रहता है।

राष्ट्रीय AQI मानकों के अनुसार 0-50 तक हवा अच्छी, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आती है। मंडी गोबिंदगढ़ का 445 AQI इस समय वहां की हवा की गंभीर स्थिति को दिखाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *