जेल में बंद लालजीत भुल्लर की सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा ने उठाए सवाल

जेल के अंदर मोबाइल कैसे पहुंचा?

PUNJAB DESK : पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पट्टी से आम आदमी पार्टी के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। न्यायिक हिरासत में बंद भुल्लर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर चुनाव नहीं लड़ने संबंधी संदेश सामने आने के बाद पंजाब भाजपा ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने पूछा है कि क्या जेल के अंदर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर यह पोस्ट डाली गई है?

भाजपा नेता ने जेल प्रशासन से मांगा जवाब

भाजपा नेता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस मामले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि यह संदेश भुल्लर ने जेल के अंदर से खुद साझा किया है, तो इससे पंजाब की कानून-व्यवस्था और जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या पंजाब की जेलों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना इतना आसान है? भाजपा नेता ने भुल्लर के परिवार से भी स्पष्ट करने को कहा कि संबंधित पोस्ट वास्तव में किसने साझा की है।

फेसबुक पोस्ट में चुनाव नहीं लड़ने की बात

भुल्लर के सत्यापित फेसबुक अकाउंट पर साझा संदेश में पट्टी विधानसभा क्षेत्र के लोगों का आभार जताया गया था। पोस्ट में कहा गया कि स्थानीय लोगों की ओर से उन्हें दोबारा चुनाव लड़ने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। हालांकि, पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि संदेश कहां से लिखा या साझा किया गया। इसी बात को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं।

वेयरहाउस अधिकारी की मौत के मामले में जेल में बंद हैं भुल्लर

लालजीत सिंह भुल्लर को 23 मार्च 2026 को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया गया था। यह मामला पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अमृतसर जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत से जुड़ा है। रंधावा की 21 मार्च को मौत हुई थी। इससे पहले सामने आए वीडियो संदेश में उन्होंने तत्कालीन मंत्री पर दबाव और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इस मामले में रंधावा की पत्नी की शिकायत पर भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और पूर्व निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। भुल्लर फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

अब जेल में मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर उठा विवाद

भाजपा ने इस पूरे मामले को जेलों की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी से जोड़ते हुए जवाब मांगा है। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि भुल्लर ने खुद जेल से पोस्ट की थी या इसे किसी अन्य व्यक्ति ने साझा किया। इस संबंध में जेल प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *