मोगा में पुलिस की चेकिंग के दौरान फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार दो युवक घायल

PUNJAB DESK : पंजाब के मोगा में पुलिस टीम और मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के लिए रोके जाने पर युवकों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

रुकने के बजाय भागने की कोशिश

एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि पुलिस की टीम इलाके में सामान्य गश्त पर थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, ताकि उनकी तलाशी ली जा सके। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद युवकों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसके दौरान दोनों युवक घायल हो गए।

एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी सरताज सिंह चहल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया। घायल युवकों को पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की। एसएसपी के अनुसार, घटनास्थल पर कई राउंड फायरिंग हुई और युवकों के पास छोटे हथियार होने की बात सामने आई है।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी होगी जांच

पुलिस अब दोनों युवकों की पहचान और उनके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह भी जांच की जा रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक घटना से कोई संबंध तो नहीं है। एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *