PUNJAB DESK : शहर के व्यस्त बाजार माई हीरां गेट में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने एक ही रात दो दुकानों को निशाना बनाकर वहां से नकदी चोरी कर ली। लगातार हो रही वारदातों से दुकानदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि पिछले एक महीने में बाजार की कई दुकानों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मामले को सुलझा नहीं पाई है।
बाइक पर पहुंचे चोर, औजार से तोड़े ताले
जानकारी के मुताबिक, दो युवक बाइक पर सवार होकर बाजार पहुंचे और दुकानों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। एक दुकान से करीब 1,000 रुपये और दूसरी दुकान से लगभग 7,000 रुपये की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी की पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक के हाथ में लोहे का औजार दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा दुकान का ताला तोड़ता नजर आ रहा है।
दुकान में घुसकर कुछ मिनटों में ले गए नकदी
दुकानदार के अनुसार, वारदात से दो दिन पहले चोर दुकान पर सामान लेने के बहाने आए थे। CCTV फुटेज में एक आरोपी शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर दुकान के अंदर जाता दिखाई देता है, जबकि उसका साथी बाहर निगरानी करता रहता है। कुछ देर बाद आरोपी नकदी लेकर बाहर निकल जाता है। इसी तरह चोरों ने बांसल नामक व्यक्ति की दुकान को भी निशाना बनाया।
एक महीने में कई दुकानों में चोरी से व्यापारियों में गुस्सा
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि माई हीरां गेट बाजार में पहले इस तरह की घटनाएं आम नहीं थीं, लेकिन पिछले एक महीने में चोरी के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले आटा चक्की, किरण बुक शॉप सहित चार अन्य दुकानों में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
व्यापारियों के मुताबिक, वे कई बार पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद वारदातों का सिलसिला जारी है। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक किसी भी चोरी के मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस को शिकायत देने से भी कतरा रहे दुकानदार
ताजा घटना को लेकर संबंधित दुकानदारों ने अभी तक पुलिस को औपचारिक शिकायत नहीं दी है। उनका कहना है कि पहले हुई घटनाओं में भी कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया, जिसके चलते वे शिकायत देने को लेकर निराश हैं। लगातार हो रही चोरियों ने बाजार के व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। अब दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात में गश्त बढ़ाने और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की मांग की है।









