दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का ‘जनता का महाभियोग’

1 नवंबर को रामलीला मैदान में होगा मार्च

POLITICAL DESK:  मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन ने शनिवार को दिल्ली में प्रतीकात्मक ‘जनता का महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को होना था, लेकिन राजधानी में बारिश के कारण इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया था। विपक्षी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कई आरोप रखे। खड़गे ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ छह आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं, बल्कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने कार्यक्रम की शुरुआत की। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी चुनाव आयुक्त की निष्पक्ष भूमिका पर सवाल उठाए। इस कार्यक्रम को विपक्ष की ओर से प्रतीकात्मक संसदीय कार्यवाही के रूप में पेश किया गया।

1 नवंबर को रामलीला मैदान में ‘चलो दिल्ली’ मार्च

INDIA गठबंधन ने विरोध प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए रविवार, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की घोषणा की है। राहुल गांधी के मुताबिक, मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचेगा। राहुल गांधी ने राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संगठनों, छात्रों और आम नागरिकों से भी इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। विपक्ष का कहना है कि यह अभियान मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है।

SIR प्रक्रिया पर विपक्ष ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि विपक्ष के पास SIR प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए दस्तावेज और आंकड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का मुद्दा गंभीर है और इस पर जवाब मिलना चाहिए। वहीं, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों में किसी एकतरफा निर्णय के आरोपों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण सहित बड़े फैसले पूरे आयोग की सहमति से लिए गए हैं।

कई संगठनों ने भी किया मार्च का समर्थन

INDIA गठबंधन के 1 नवंबर के मार्च को कुछ अन्य संगठनों और नेताओं ने भी समर्थन दिया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। वहीं, कॉकroach जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मार्च को समर्थन दिया। विपक्ष की मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया पर रोक और चुनाव से जुड़े 2023 के कानून को वापस लेने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *