दिल्ली में केजरीवाल और भगवंत मान की अहम बैठक
PUNJAB DESK : पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई।
बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। वहीं, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में जुड़े।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जानकारी दी कि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई है। चयनित नामों की सूची पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) को भेज दी गई है। शनिवार को PAC की अगली बैठक के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जाएगी।
31 अक्टूबर को जारी होगी पहली लिस्ट
मुख्यमंत्री भगवंत मान के मुताबिक, पार्टी 31 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची सार्वजनिक करेगी। इस घोषणा के साथ ही पंजाब में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। पार्टी का उद्देश्य उम्मीदवारों के नाम पहले घोषित करके उन्हें अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार और संगठन को मजबूत करने का पर्याप्त समय देना है।
2027 में होंगे पंजाब विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होना है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अभी तक चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। अब राजनीतिक नजरें AAP की पहली उम्मीदवार सूची पर टिकी हैं। इस सूची से यह भी संकेत मिलेगा कि पार्टी आगामी चुनाव में मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताती है या नए चेहरों को मौका देती है।









