रूस के विदेश मंत्री लावरोव के साथ फोटो खिंचवाने से यूरोपीय देशों का इनकार

अमेरिका ने रद्द किया G20 का ग्रुप फोटो सेशन

INTERNATIONAL DESK : अंतरराष्ट्रीय डेस्क: अमेरिका के अटलांटा में आयोजित G20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कूटनीतिक मतभेद सामने आए हैं। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाने पर कई यूरोपीय देशों ने आपत्ति जताई। इसके बाद अमेरिका ने बैठक के पारंपरिक ग्रुप फोटो सेशन को ही रद्द कर दिया।

दरअसल, G20 विदेश मंत्रियों की बैठक शुक्रवार को अटलांटा में शुरू हुई। इस दौरान सभी देशों के प्रतिनिधियों की एक सामूहिक तस्वीर लेने की योजना थी। लेकिन रूस की मौजूदगी को लेकर कुछ यूरोपीय प्रतिनिधियों ने विरोध जताया। उन्होंने साफ कर दिया कि वे रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ एक ही तस्वीर में शामिल नहीं होना चाहते। कुछ प्रतिनिधियों ने फोटो सेशन का बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी थी।

मार्को रुबियो ने लिया फोटो सेशन रद्द करने का फैसला

मामले को बढ़ता देख अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ग्रुप फोटो लेने की योजना रद्द कर दी। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, फोटो को लेकर पैदा हुआ विवाद बैठक के मुख्य मुद्दों से ध्यान भटका सकता था। हालांकि, फोटो सेशन रद्द होने के बावजूद विदेश मंत्रियों की बैठक अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही।

रूस-यूक्रेन युद्ध बना विवाद की बड़ी वजह

रूस की G20 बैठक में भागीदारी को लेकर पश्चिमी देशों में पहले से ही असहमति बनी हुई है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के कारण यूरोपीय देशों और मॉस्को के संबंधों में तनाव है। पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की ने अमेरिका के इस फैसले को सही बताया। वहीं, जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने भी कहा कि रूस के साथ सामान्य संबंधों जैसी स्थिति नहीं है। ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने भी रूस के साथ तस्वीर में शामिल होने पर आपत्ति जताई।

कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बढ़ सकती है असहमति

अटलांटा में हो रही इस बैठक में केवल रूस-यूक्रेन युद्ध ही नहीं, बल्कि ईरान से जुड़ा संघर्ष, अमेरिका के टैरिफ, चीन की गतिविधियों और समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में हैं। अमेरिका की कोशिश है कि इन मुद्दों पर G20 देशों के बीच सहयोग और सहमति बनाई जाए। हालांकि, मौजूदा कूटनीतिक मतभेदों के बीच किसी साझा रुख पर पहुंचना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। यह बैठक दिसंबर में फ्लोरिडा में प्रस्तावित G20 देशों के नेताओं के शिखर सम्मेलन की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *