नवरात्र के पहले दिन बाजारों में रौनक, माता रानी के लहंगे और मूर्तियों की खूब मांग

PUNJAB DESK: शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को मां शैलपुत्री की पूजा के साथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। पर्व के चलते बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। लोगों ने माता रानी के पूजन, श्रृंगार और सजावट के लिए जरूरी सामान की खरीदारी की। फूलों की दुकानों से लेकर कपड़े और मूर्तियों की दुकानों तक ग्राहकों की चहल-पहल रही।

फूलों की मालाओं के बढ़े दाम

नवरात्र के दौरान फूल-मालाओं की मांग बढ़ने से कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई। छोटी माला 30 से 40 रुपये और बड़ी माला 50 से 60 रुपये तक बिकी। इसके साथ ही कपड़े, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और पूजा सामग्री बेचने वाली दुकानों पर भी खरीदार पहुंचे।

माता के वस्त्र और मूर्तियों की खरीदारी

मीठा बाजार स्थित सेवक धूप के संचालक ऋषि शर्मा ने बताया कि नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। माता रानी के लिए त्रिकोण ड्रेस और ब्राइडल लहंगे खरीदने वालों की संख्या बढ़ी है। दुकानदार प्रिंस के अनुसार, इस बार इस्कॉन शैली की मूर्तियों की मांग भी देखने को मिल रही है। श्रद्धालु ब्रास और फाइबर से बनी माता रानी की मूर्तियां खरीद रहे हैं। इसके अलावा लहंगे और श्रृंगार से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री में भी तेजी आई है।

चुनरी, कलश और पारंपरिक परिधानों की मांग

नवरात्र की पूजा के लिए श्रद्धालुओं ने चुनरी, कलश, नारियल, मौली, रोली, धूप-अगरबत्ती, कपूर और पूजा के बर्तनों की खरीदारी की। दुकानदारों ने त्योहार की मांग को देखते हुए पहले से ही सामान का स्टॉक रखा था। वहीं, चनिया-चोली, लहंगे, कुर्ते और पगड़ी जैसे पारंपरिक परिधानों की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंचे। नवरात्र के आगाज के साथ बाजारों में त्योहार का माहौल बना रहा और कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *