बेटी ऐश्वर्या पर लगाए गए आरोपों से नाराज अर्जुन सर्जा, मीडिया रिपोर्ट्स के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

ENTERTAINMENT DESK : अभिनेता अर्जुन सर्जा ने अपनी बड़ी बेटी ऐश्वर्या को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया पोर्टल्स पर प्रसारित हो रही कथित अपमानजनक खबरों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इन रिपोर्टों को आधारहीन बताते हुए संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी है। अर्जुन सर्जा ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक लंबे संदेश में कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले कलाकारों को अक्सर चर्चाओं और आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन बिना तथ्यों के आरोप लगाना और किसी की छवि खराब करने की कोशिश करना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कुछ पोर्टल्स पर ऐश्वर्या को लेकर प्रकाशित खबरों पर आपत्ति जताई। रिपोर्टों में उनके वैवाहिक जीवन में कथित अनबन और शराब सेवन से जुड़े दावे किए गए थे। अर्जुन ने इन बातों को बेबुनियाद और अपमानजनक बताते हुए कहा कि किसी महिला के बारे में बिना आधार ऐसी टिप्पणियां करना गैर-जिम्मेदाराना है। अभिनेता ने अपने बयान में कहा कि सम्मान और गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, चुप रहने को गलत जानकारी की स्वीकृति नहीं समझा जाना चाहिए, इसलिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला केवल उनकी बेटी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन महिलाओं के सम्मान से भी जुड़ा है, जिनके निजी जीवन और व्यक्तिगत फैसलों को सार्वजनिक चर्चा और आलोचना का विषय बना दिया जाता है। अर्जुन सर्जा ने स्पष्ट किया कि एक पिता के रूप में वह अपनी बेटी के साथ खड़े हैं और उसके सम्मान, स्वतंत्रता तथा गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार का समर्थन करते रहेंगे।

गौरतलब है कि ऐश्वर्या सर्जा और उमापति रामैया की शादी 10 जून 2024 को चेन्नई में हुई थी। दोनों की मुलाकात एक टीवी रियलिटी शो के दौरान हुई थी, जिसे अर्जुन सर्जा ने होस्ट किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *