राज खोसला और देवन खोसला ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली
PUNJAB DESK : जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को राजनीतिक झटका लगा है। कांग्रेस नेता माइक खोसला के भाई राज खोसला और भतीजे देवन खोसला आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए हैं। दोनों नेताओं ने मेयर वनीत धीर की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर AAP के वरिष्ठ नेता और वार्ड इंचार्ज डॉ. बीडी शर्मा भी मौजूद रहे।
कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
AAP में शामिल होने के बाद राज खोसला और देवन खोसला ने कांग्रेस के कामकाज और नेतृत्व को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जालंधर नॉर्थ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने क्षेत्र में पिछले वर्षों के दौरान विकास कार्यों की कमी का भी दावा किया।
AAP सरकार के कामकाज की सराहना
मेयर वनीत धीर ने कहा कि दोनों नेता मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर AAP में आए हैं। राज खोसला ने भी कहा कि वनीत धीर को जालंधर नॉर्थ की जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। राज खोसला ने दावा किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के कुछ और नेता तथा कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अन्य नेताओं के पार्टी बदलने को लेकर फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है।









