जालंधर में नशे के खिलाफ पुलिस का एक्शन, मेडिकल स्टोरों से लेकर पार्कों और घरों तक तलाशी

PUNJAB DESK : शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सेहत विभाग की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। वेस्ट हलके में पुलिस ने सेहत विभाग के साथ मिलकर तीन मेडिकल स्टोर, दो पार्क और एक नशा मुक्ति केंद्र में जांच की। वहीं, गढ़ा इलाके में पुलिस ने CASO ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध नशा तस्करों के घरों और अन्य ठिकानों की तलाशी ली। वेस्ट हलके में की गई कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को एनडीपीएस एक्ट के मामले में काबू किया गया है।

मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों और दस्तावेजों की जांच

एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत वेस्ट हलके में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पार्कों में बैठकर नशा करते हैं। इसके बाद टीमों ने दो पार्कों और एक नशा मुक्ति केंद्र में भी जांच की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति से नशीला पदार्थ बरामद होने की जानकारी दी गई है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। सेहत विभाग की ओर से ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने पुलिस टीम के साथ तीन मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इनमें जगदंबे मेडिकल स्टोर भी शामिल था। ड्रग इंस्पेक्टर के मुताबिक, जांच के दौरान फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु या अनियमितता सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि अन्य मेडिकल स्टोरों पर भी जांच अभियान जारी रहेगा।

गढ़ा में संदिग्ध नशा तस्करों के घरों की तलाशी

दूसरी ओर, गढ़ा इलाके में पुलिस ने CASO ऑपरेशन के तहत संदिग्ध नशा तस्करों के घरों और अन्य ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीमों ने घरों के बेड, रसोई और अन्य स्थानों की तलाशी ली। घरों के बाहर रखे संदिग्ध सामान की भी जांच की गई और कुछ लोगों से पूछताछ की गई। यह अभियान पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह की अगुवाई में चलाया गया। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य नशे की तस्करी पर रोक लगाना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे की बिक्री या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले, तो पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *