पंजाब में 15 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, कई जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट

PUNJAB DESK :  पंजाब में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 अक्टूबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 अक्टूबर को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 और 12 अक्टूबर को इन जिलों के साथ फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा में भी मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है।

फरीदकोट में सबसे ज्यादा तापमान

पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।

दिन में गर्मी, रात में राहत की उम्मीद सीमित

पूर्वानुमान के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट और बरनाला में तापमान 34 से 36 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। रात के तापमान में फिलहाल बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री, जबकि अन्य क्षेत्रों में 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं होगा और कई जगह मौसम सामान्य भी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *