सूर्या एन्क्लेव एक्सटेंशन की सड़क की सफाई, सेंट्रल वर्ज के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत पर रहेगा जोर
PUNJAB DESK : शहर में महाराजा अग्रसेन मार्ग की स्थिति सुधारने और क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट ने कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में ट्रस्ट के चेयरमैन सरदार रमणीक सिंह रंधावा के साथ अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों और पंजाब सरकार के अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन (जालंधर सेंट्रल) राजन गुप्ता की बैठक हुई। बैठक में सूर्या एन्क्लेव एक्सटेंशन योजना के तहत आने वाले महाराजा अग्रसेन मार्ग से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने सड़क की नियमित सफाई, बीच के डिवाइडर यानी सेंट्रल वर्ज को सुंदर बनाने, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने और आसपास के क्षेत्र में जरूरी विकास कार्य कराने की मांग रखी।
मांगों पर संज्ञान लेते हुए रमणीक सिंह रंधावा ने संबंधित एक्सईएन और अन्य अधिकारियों को जरूरी कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद सड़क की सफाई के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से काम शुरू कर दिया गया। अधिकारियों को क्षेत्र की जरूरतों के मुताबिक बाकी कार्यों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया। राजन गुप्ता और अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने त्वरित निर्देशों के लिए चेयरमैन का धन्यवाद किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफाई, सेंट्रल वर्ज के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत सहित अन्य काम समय पर पूरे होंगे। इससे स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। बैठक में सतीश अग्रवाल, गुलशन अग्रवाल, उद्योगपति सुनील शर्मा, नरेश गुप्ता, रूपम शर्मा, करण जिंदल और ट्रस्टी हरचरण सिंह संधू सहित अग्रवाल समाज के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।









