‘मैं गिरफ्तार होने ही आया हूं’, पुलिस से बातचीत का वीडियो चर्चा में
CJP ने तीन नेताओं को हिरासत में लेने का दावा किया
NATIONAL DESK । दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार सुबह मुंबई से विमान के जरिए राजधानी पहुंचे। उनकी फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद दिल्ली पुलिस के जवानों ने उन्हें रोककर सहयोग करने को कहा। इस दौरान अभिजीत दिपके ने पुलिसकर्मियों से कहा, “सबको तो अंदर कर दिया, मैं अरेस्ट होने ही आया हूं…” पुलिस की ओर से जवाब दिया गया, “नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग कीजिए।”
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया, जब CJP ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। दिपके इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे।
CJP ने पुलिस कार्रवाई पर जताई नाराजगी
CJP ने दावा किया कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके सहित तीन नेताओं को दिल्ली में हिरासत में लिया गया है। पार्टी ने इस कार्रवाई की निंदा की। दूसरी ओर, एयरपोर्ट पर पुलिसकर्मियों ने दिपके से कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है और उनसे सहयोग करने का आग्रह किया। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हुई इस घटना के बाद CJP नेताओं को रोके जाने का मामला चर्चा में आ गया। हिरासत को लेकर पार्टी के दावे और पुलिस की गिरफ्तारी संबंधी प्रतिक्रिया अलग-अलग हैं।









