PUNJAB DESK: फिल्लौर के नजदीक स्थित गांव दोसांझ कलां में एक घर की दीवार पर कथित तौर पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। यह स्थान पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ के घर के पास बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दिलजीत दोसांझ के पड़ोसी ने बताया कि उसके घर के बाहर दीवार पर स्प्रे के जरिए नारे लिखे गए। पड़ोसी के मुताबिक, घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। उसका आरोप है कि चेहरे ढके हुए चार लोग वहां पहुंचे और दीवार पर नारे लिखकर चले गए।
पड़ोसी ने स्पष्ट किया कि जिस घर की दीवार पर नारे लिखे गए हैं, वह दिलजीत दोसांझ का घर नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उसके अनुसार, दिलजीत दोसांझ का घर उसके मकान से करीब 100 गज की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद पंचायत की ओर से दीवार पर लिखे नारों को मिटा दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। जानकारी मिलते ही DSP भरत मसीह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। DSP भरत मसीह के अनुसार, मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








