सुल्तानपुर लोधी के गांव भाणोलंगा में रविवार देर रात एक क्लीनिक पर चोरी करने आए चोर और क्लीनिक के मालिक के बीच हुई झड़प में दोनों की मौत हो गई। घटना के समय क्लीनिक मालिक ने अपने बेटे के साथ मिलकर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, जिसके दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई।
जानकारी के अनुसार, घटना तब हुई जब 62 वर्षीय डॉ. गुरचरण सिंह ने सीसीटीवी फुटेज में देखा कि उनकी दुकान में दो संदिग्ध युवक शटर तोड़ रहे हैं। चोरों को पकड़ने के प्रयास में डॉक्टर ने अपनी लाइसेंसी दोनाली से फायर किया, लेकिन गोली गलती से खुद डॉक्टर को लग गई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, जब चोर भागने लगे, तो वह एक अज्ञात वाहन से टकरा गए और उनकी भी मौत हो गई।
एसपी (डी) सरबजीत राय ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवाया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक चोर की पहचान नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि डॉ. गुरचरण सिंह अपने क्लीनिक पर कई बार चोरी की वारदातों से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे।









