कारणों का नहीं चला पता, नुकसान का आकलन जारी
जालंधर, 19 जून : जालंधर के व्यस्त 66 फीट रोड पर स्थित HI GRADE FURNITURE शोरूम में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग उस समय लगी जब शोरूम में काम कर रहे कारीगर दोपहर के भोजन के लिए बाहर गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, शोरूम में काम करने वाले एक कारीगर ने सबसे पहले ऊपर से धुआं निकलते देखा और इसकी जानकारी तत्काल शोरूम के मालिकों को दी। सूचना मिलते ही शोरूम के मालिकों ने दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
शोरूम मालिक के बेटे विवेक गुप्ता ने बताया कि घटना दोपहर के समय हुई जब सभी कारीगर लंच ब्रेक पर थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही धुआं निकलते देखा गया, तुरंत दमकल विभाग को फोन किया गया। दमकल विभाग ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
हालांकि, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। विवेक गुप्ता ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा।
शोरूम में कार्यरत एक कारीगर ने बताया कि उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं और शोरूम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।








