PUNJAB DESK : जालंधर तहसील कॉम्प्लेक्स में विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और उसके साथ काम करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर तैयार किए गए ट्रैप के दौरान की गई। आरोप है कि इंतकाल से संबंधित काम करवाने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि विश्वजीत और राकेश कुमार ने उससे इंतकाल के काम के बदले 3,000 रुपये मांगे थे। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच की और दोनों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि योजना के अनुसार शिकायतकर्ता पैसे लेकर आरोपितों के पास पहुंचा। इसी दौरान विजिलेंस टीम ने दो गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए पटवारी और उसके साथी को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के बाद विजिलेंस अधिकारी दोनों को अपने साथ ले गए। हालांकि, विजिलेंस की ओर से कथित रिश्वत की रकम को लेकर अलग से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं रखी गई है। मौके पर मौजूद पटवारी के एक कर्मचारी ने रिश्वत लेने के आरोपों से इनकार किया। उसने बताया कि वह कमरा नंबर 202 में काम करता है। कर्मचारी के मुताबिक, अधिकारियों ने पैसों से जुड़े आरोप में कार्रवाई की है।
वहीं, जब पटवारी से मामले के बारे में पूछा गया तो उसने अपनी गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि उसे इस बारे में कुछ पता नहीं है। फिलहाल विजिलेंस टीम दोनों को अपने साथ ले गई है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शिकायतकर्ता के आरोपों, ट्रैप की कार्रवाई और दोनों आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के दौरान होगी।









