जालंधर के स्कूल में छात्रों की लड़ाई के बाद हंगामा, घायल छात्र अस्पताल में भर्ती

PUNJAB DESK : जालंधर के किशनपुरा इलाके के न्यू पृथ्वी नगर स्थित ट्विंकल, ट्विंकल मॉडल हाई स्कूल (TTMS) में छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद एक छात्र के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले स्कूल में 9वीं और 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच बेंच को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर 9वीं कक्षा के छात्र ने 10वीं कक्षा के छात्र पर कुर्सियों से हमला कर दिया। इस घटना में 10वीं कक्षा का छात्र आकाशदीप घायल हो गया।

घायल छात्र को इलाज के लिए सेक्रेड हार्ट अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में 9वीं कक्षा के छात्र ऋतिक पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही होगी। घटना के बाद जब एक छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां हंगामे की स्थिति बन गई। स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बच्चों की छुट्टी कर दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए स्कूल का गेट भी बंद कर दिया गया।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, दोनों छात्रों के बीच विवाद स्कूल की प्रार्थना के समय कक्षा में शुरू हुआ था। वहीं कुछ लोगों ने बताया कि बच्चों के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था और इसी मामले को लेकर आज परिजन स्कूल पहुंचे थे। घटना की सूचना स्कूल प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के साथ-साथ मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों छात्रों के परिजनों को थाने बुलाया है। जांच अधिकारी के मुताबिक, स्कूल में छात्रों के बीच मारपीट हुई थी और इसमें एक छात्र को चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल स्कूल प्रशासन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *