छत के रास्ते दुकानों में घुसे चोर , दो दुकानों से 1.03 लाख रुपये की नकदी चोरी
PUNJAB DESK : जालंधर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल माईं हीरा गेट में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 24 घंटे के भीतर एक बार फिर चोरों ने बाजार की चार दुकानों को निशाना बनाया। चोर दो दुकानों से करीब 1.03 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि दो अन्य दुकानों से सामान चोरी होने से बच गया। घटना के बाद दुकानदारों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर रोष पाया जा रहा है। चोरों ने पुरी ऑप्टिकल, इंग्लिश बुक, बुक सेंटर और धवन इंपोरियम को निशाना बनाया। बुक सेंटर से चोर 85 हजार रुपये और इंग्लिश बुक शॉप से 18 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं पुरी ऑप्टिकल और धवन इंपोरियम में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
वारदात की सूचना मिलने के बाद दुकानदारों ने बताया कि घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर छत के रास्ते से दुकानों में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद चोरों ने अपने कपड़े भी बदले।
तिजौरी तोड़ी, लेकिन नकदी नहीं मिली
पुरी ऑप्टिकल के मालिक सुरिंदर मल्होत्रा ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान की तिजौरी तोड़ दी और सामान को बिखेर दिया। हालांकि दुकान में नकदी नहीं होने के कारण चोरी होने से बच गई। उन्होंने बताया कि सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो चाबी साइड में पड़ी थी और तिजौरी खुली हुई थी।
बुक सेंटर से 85 हजार रुपये चोरी
बुक सेंटर के मालिक मनीष ने बताया कि उनके भाई जब दुकान पर पहुंचे तो दुकान का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर तिजौरी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर दुकान से 85 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। मनीष के अनुसार, चोर पिछले रास्ते से दुकान में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने दोनों भाइयों की दुकानों को निशाना बनाया। चोर उनके भाई की इंग्लिश बुक शॉप में भी घुसे, जहां से नकदी चोरी कर ली गई।
धवन इंपोरियम से कैमरे ले गए चोर
धवन इंपोरियम के मालिक अकुंश धवन ने बताया कि सुबह दुकान पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का सामान बिखरा हुआ था। चोर नकदी ले जाने में सफल नहीं हो सके, लेकिन दुकान से कैमरे चोरी कर ले गए।
इंग्लिश बुक शॉप से 18 हजार रुपये चोरी
इंग्लिश बुक शॉप के मालिक आशु रखेजा ने बताया कि देर रात चोर दुकान में घुसे और 18 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। उनके मुताबिक चोर पहले पुरी ऑप्टिकल में दाखिल हुए। इसके बाद धवन इंपोरियम की दुकान में छत के रास्ते पहुंचे और वहां से दरवाजा तोड़कर उनकी दुकान में घुसे। आशु रखेजा ने बताया कि उनके भाई की दुकान से भी 85 हजार रुपये चोरी हुए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में पहले भी चोरी की शिकायतें पुलिस को दी जा चुकी हैं, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हुई।
दुकानदारों के अनुसार, एक दिन पहले भी माईं हीरा गेट में आटे की चक्की को चोरों ने निशाना बनाया था, जहां से नकदी, घी और ड्राई फ्रूट चोरी होने की बात सामने आई थी। उस वारदात के बाद अब चार अन्य दुकानों में चोरी होने से बाजार के दुकानदारों में चिंता और रोष है। इंग्लिश बुक शॉप के मालिक ने बताया कि सभी दुकानदार एकत्रित होकर पुलिस थाने में शिकायत देने के लिए जा रहे हैं।









