भगवंत मान के पाकिस्तान दौरे पर केंद्र का रुख साफ, MEA बोला- राष्ट्रीय नीति के तहत मिलेगी मंजूरी

POLITICAL DESK : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रस्तावित पाकिस्तान दौरे को लेकर केंद्र सरकार ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि विदेशी दौरों के लिए राजनीतिक मंजूरी देश की राष्ट्रीय नीति और विदेश संबंधों के आधार पर तय की जाती है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब भगवंत मान को लाहौर में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण मिला है

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दूसरे देशों के साथ संबंधों को लेकर भारत की एक राष्ट्रीय नीति है और सभी से उसका पालन करने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने बताया कि विदेश यात्रा पर जाने वाले जनप्रतिनिधियों की राजनीतिक मंजूरी का आकलन मंत्रालय अपनी समग्र नीति के अनुसार करता है। प्रवक्ता ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत के रुख का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस हमले के बाद भारत की स्थिति सभी को स्पष्ट होनी चाहिए।

27 से 29 नवंबर तक लाहौर में सम्मेलन

भगवंत मान को 27 से 29 नवंबर तक लाहौर में होने वाली इंटरनेशनल वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से इस दौरे के लिए राजनीतिक मंजूरी लेने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मान पहले भी इस सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने करतारपुर साहिब और पाकिस्तान स्थित अन्य सिख धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग भी उठाई थी।

फिलहाल मंजूरी पर अंतिम फैसला नहीं

विदेश मंत्रालय के बयान से यह स्पष्ट है कि भगवंत मान के दौरे पर अंतिम निर्णय राष्ट्रीय नीति के आधार पर लिया जाएगा। फिलहाल मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर न तो मंजूरी मिलने की आधिकारिक घोषणा हुई है और न ही औपचारिक अस्वीकृति की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *