गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन कानून पर 18 नवंबर को अहम बैठक

 अमृतसर में अकाल तख्त की कमेटी से बातचीत करेगी पंजाब सरकार

PUNJAB DESK : पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब के बीच जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट 2026 को लेकर चल रहे मतभेदों को सुलझाने की दिशा में नई पहल हुई है। राज्य सरकार की ओर से गठित सात सदस्यीय समन्वय कमेटी 18 नवंबर को अमृतसर के सर्किट हाउस में अकाल तख्त साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी के साथ बैठक करेगी। इस बैठक का उद्देश्य कानून के कुछ प्रावधानों पर उठाई गई आपत्तियों पर चर्चा कर आपसी सहमति बनाना है।

सरकार की कमेटी ने बैठक में दोहराई संशोधन पर चर्चा की इच्छा

शुक्रवार को चंडीगढ़ में समन्वय कमेटी की चौथी बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद सदस्यों ने बताया कि सभी सदस्य कानून में जरूरी संशोधनों पर बातचीत करने और सहमति बनाने के लिए तैयार हैं। कमेटी ने अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित सिख विद्वानों की पांच सदस्यीय टीम के समन्वयक को पत्र लिखकर 18 नवंबर की बैठक की जानकारी दी है। साथ ही कमेटी के सदस्यों से चर्चा में शामिल होने की अपील की गई है।

सात सदस्यीय कमेटी में ये नाम शामिल

पंजाब सरकार की ओर से गठित कमेटी में पूर्व अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा, संत बाबा सेवा सिंह रामपुर खेड़ा, सेवानिवृत्त जस्टिस जसपाल सिंह, सेवानिवृत्त जस्टिस गुरबीर सिंह, पूर्व IPS अधिकारी जतिंदर सिंह औलख और कानून अधिकारी प्रीत इंदर पाल सिंह शामिल हैं।

अकाल तख्त ने पहले बनाई थी पांच सदस्यीय कमेटी

इससे पहले 31 जुलाई 2026 को अकाल तख्त साहिब ने सरकार को पत्र भेजकर कानून पर चर्चा के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने की जानकारी दी थी। अकाल तख्त ने सरकार से इस कमेटी के साथ बातचीत कर आपसी सहमति से समाधान निकालने को कहा था। अब 18 नवंबर की प्रस्तावित बैठक को इसी प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *