चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस के जवान की संदिग्ध मौ/त से मचा हड़कंप, बॉटनिकल गार्डन में मिला श/व

PUNJAB DESK : पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई। बॉटनिकल गार्डन में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल गुरमंगत सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। उनका शव गार्डन के पास बने एक कमरे में मिला। शुरुआती जांच में पुलिस इसे खुद को गोली मारने का मामला मानकर जांच कर रही है, लेकिन अभी घटना की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

गुरमंगत सिंह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले थे और पंजाब पुलिस की 82वीं बटालियन में कार्यरत थे। यूनिवर्सिटी में उनकी तैनाती हेड गार्डनर शेर सिंह की सुरक्षा के लिए की गई थी। वह उनके निजी सुरक्षा अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे कर्मचारी

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे बॉटनिकल गार्डन के नजदीक बने कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वहां मौजूद कर्मचारी और सुरक्षा अधिकारी कमरे की तरफ पहुंचे। अंदर गुरमंगत सिंह गोली लगने से घायल हालत में मिले। बाद में उनकी मौत की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए और हथियार को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया।

आत्महत्या की आशंका, वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेड कांस्टेबल ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। गुरमंगत सिंह शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *