PUNJAB DESK : पंजाब में PCS परीक्षा को लेकर उठे विवाद के बीच भाजपा युवा मोर्चा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जालंधर सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। जालंधर में यह प्रदर्शन युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष साहिल शर्मा की अध्यक्षता में किया गया।
चयन प्रक्रिया पर भाजपा नेताओं ने उठाए सवाल
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया कि PCS परीक्षा में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ही परीक्षा कक्ष से कई उम्मीदवारों का चयन होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकारी नौकरियों की चयन प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी का असर उन युवाओं पर पड़ता है जो लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
CBI जांच की मांग के साथ सौंपा ज्ञापन
कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के जरिए सरकार और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इसमें परीक्षा विवाद की CBI जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई।
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
युवा मोर्चा के नेताओं ने कहा कि मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष अनुज भोसला, जिला अध्यक्ष साहिल शर्मा और प्रभारी संजीव मनी के नेतृत्व में आगे की रणनीति बनाई जाएगी। नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी युवाओं के साथ खड़े रहेंगे।









