जालंधर के भार्गव कैंप में घर में लगी भीषण आ/ग, लाखों का सामान जलकर राख

PUNJAB DESK : शहर के भार्गव कैंप स्थित मेन बाजार में एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में घर का सामान जलकर राख हो गया, जबकि एक व्यक्ति भी झुलस गया। घर को आग की चपेट में देख परिवार की महिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोग उसे संभालते नजर आए।

दो दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। जानकारी मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की दो गाड़ियों को लगाया गया था। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

भाई दूज पर जलाए दीये से आग लगने की आशंका

हादसे में झुलसे व्यक्ति के मुताबिक, भाई दूज के अवसर पर घर में ज्योत जलाई गई थी। इसी दौरान चिंगारी से आग लगने की आशंका है। उसने बताया कि परिवार ने तिलक करवाने के बाद घर में मिठाई खाई थी। कुछ समय बाद किसी ने उन्हें घर से धुआं निकलने की जानकारी दी। जब वह छत पर पहुंचे तो आग काफी फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से बेड, कपड़े, नकदी और घर का अन्य सामान जल गया। परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

आग के बाद मदद के बहाने फोन लेकर फरार हुआ शख्स

घटना के बाद एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक लड़की टॉर्च की रोशनी में आग से जले सामान को देख रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति उसके पास आया और मदद करने के बहाने फोन अपने हाथ में ले लिया। आरोप है कि वह फोन लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आग से पहले ही परिवार को भारी नुकसान हुआ था और ऊपर से उनका मोबाइल भी चोरी हो गया।

बाजार में अतिक्रमण को लेकर लोगों में रोष

इलाका निवासियों ने बाजार में दुकानदारों द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कपड़ा मार्केट में रास्ते पर अतिक्रमण होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि बाजार से अवैध कब्जे हटाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी आपात स्थिति के दौरान राहत कार्य में देरी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *