PUNJAB DESK : शहर के अर्बन एस्टेट फेज-2 में स्थित एक कैफे में हथियार रखने और सार्वजनिक स्थान पर गन कल्चर को बढ़ावा देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना डिवीजन नंबर 7 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ‘टू ब्लेंड कैफे’ में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से .45 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की है।
गुप्त सूचना के बाद कैफे में पहुंची पुलिस टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि SCO 116-117 स्थित टू ब्लेंड कैफे में कुछ लोग हथियार लेकर बैठे हैं और वहां असलहे को प्रमोट किया जा रहा है। इसके बाद इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की निगरानी में पुलिस टीम ने कैफे में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैफे मालिक लवप्रीत सिंह उर्फ लव और शिवा थापर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान शिवा थापर के कब्जे से .45 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल मिली।
6 नवंबर के आदेशों के उल्लंघन का मामला
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 6 नवंबर को जारी निर्देशों के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों, मैरिज पैलेस और कैफे में हथियार ले जाने तथा उनका प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगाया गया था। पुलिस का कहना है कि इसी प्रतिबंध के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है।
BNS की धारा 223 के तहत केस दर्ज
पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर 7 में FIR नंबर 301, दिनांक 11 नवंबर 2026 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करने और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से भी नियमों का पालन करने की अपील की गई है।









