जालंधर में कार की चाबी को लेकर पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप

दामाद की फायरिंग में ससुर घायल

PUNJAB DESK : शहर की थ्री स्टार कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के दौरान गोली चलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार की चाबी को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने कुछ साथियों के साथ ससुराल पहुंचकर फायरिंग कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए ससुर के हाथ में गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

कार की चाबी मांगने पर शुरू हुआ विवाद

परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मनदीप सिंह उर्फ गिन्नी के पास परिवार के एक परिचित की कार थी। कार वापस लेने के लिए उसे घर बुलाया गया था। आरोप है कि कार की चाबी लौटाने के बाद उसने परिवार की अपनी गाड़ी की चाबी भी मांग ली। परिवार ने जब अपनी गाड़ी देने से इनकार किया और टैक्सी से जाने की बात कही, तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोप है कि आरोपी ने गोली चला दी।

बेटे को बचाने के लिए आगे आए ससुर को लगी गोली

परिवार के बेटे गगनदीप के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की। इसी बीच उसके पिता ईश्वर सिंह उसे बचाने के लिए आगे आए और गोली उनके हाथ में लग गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया।

बेटी को परेशान करने के भी लगाए आरोप

घायल के परिवार ने दामाद पर अपनी पत्नी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि दोनों के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था और घटना से कुछ दिन पहले बेटी को कथित तौर पर मारपीट के बाद घर से निकाल दिया गया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ADCP-1 मुख्तियार राय के अनुसार, फायरिंग मनदीप सिंह ने की थी और गोली लगने से ईश्वर सिंह घायल हुए। पुलिस पारिवारिक विवाद के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *