PUNJAB DESK : नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फिल्लौर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डेढ़ किलो अफीम बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया व्यक्ति मध्य प्रदेश से नशीला पदार्थ लाकर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाता था।
पुलिस के विशेष अभियान में पकड़ा गया आरोपी
डीएसपी फिल्लौर भारत मसीह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना प्रभारी बलविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गन्ना गांव में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से डेढ़ किलो अफीम मिली। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पंकज कुमार के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के गांव धारड़ी, थाना सिंगोली का रहने वाला है और उसके पिता का नाम गोपाल सुथार बताया गया है।
पहले भी दर्ज हो चुका है NDPS का मामला
डीएसपी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना फिल्लौर में NDPS एक्ट की धारा 18/61/85 के तहत FIR नंबर 389 दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2022 में भी उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 15/18/21 के अंतर्गत FIR नंबर 293 दर्ज हुई थी।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर कई वर्षों से मध्य प्रदेश से अफीम लाकर पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड हासिल किया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ इस कथित सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशीले पदार्थ की आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी।









