पंजाब चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी

 जालंधर कैंट में परगट सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बनाई रणनीति

PUNJAB DSEK :  पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने अपने जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से जनता के बीच सक्रिय होकर पार्टी को मजबूत करने में जुट जाएं।

हर कार्यकर्ता की भूमिका होगी अहम

बैठक में परगट सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए संगठन के प्रत्येक सदस्य को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए केवल बड़े नेताओं की सक्रियता पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

कैंट हलके के कार्यकर्ताओं ने जताई एकजुटता

बैठक में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने परगट सिंह को आश्वासन दिया कि वे जालंधर कैंट में पार्टी की स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि परगट सिंह प्रदेश स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएं, जबकि कैंट हलके में संगठन और चुनावी तैयारियों का काम स्थानीय कार्यकर्ता संभालेंगे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें आगामी चुनाव में पहले से बेहतर प्रदर्शन और बड़ी जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का भरोसा भी दिया।

घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस की विचारधारा

बैठक में पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, लोगों से सीधा संपर्क बढ़ाने और नए लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने की योजना पर जोर दिया।

मौजूदा सरकार के कामकाज पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के मौजूदा हालात और सरकार की कार्यप्रणाली से लोग संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने पंजाब में जवाबदेह और जनहित को प्राथमिकता देने वाली सरकार की जरूरत बताई। बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि आपसी तालमेल, संगठन की मजबूती और जनता के समर्थन के आधार पर कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *