पंजाब में उद्योगों को नई रफ्तार देने का कांग्रेस का वादा

MSME सेक्टर के लिए बनेगी विशेष औद्योगिक नीति

PUNJAB DESK :  विश्वकर्मा दिवस के मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परगट सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सरदार प्रताप सिंह बाजवा ने फगवाड़ा के शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर में पहुंचकर शीश नवाया। दोनों नेताओं ने पंजाब की सुख-समृद्धि और प्रदेश की उन्नति के लिए अरदास की। इस दौरान फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने उनका स्वागत किया।

विश्वकर्मा दिवस पर श्रमिकों और कारीगरों को किया याद

मंदिर में माथा टेकने के बाद परगट सिंह ने कहा कि बाबा विश्वकर्मा जी को निर्माण, तकनीकी दक्षता और कला-कौशल का प्रतीक माना जाता है। उनका जीवन लोगों को अपने काम के प्रति ईमानदारी, मेहनत और समर्पण की सीख देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की आर्थिक मजबूती केवल बड़े उद्योगों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि छोटे व्यापारियों, कारीगरों, श्रमिकों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों की मेहनत भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कांग्रेस का दावा- छोटे कारोबारियों की समस्याओं पर होगा फोकस

परगट सिंह ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर उद्योग क्षेत्र की चुनौतियों को ध्यान में रखकर नई औद्योगिक नीति तैयार की जाएगी। इसमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों यानी MSME सेक्टर को प्राथमिकता देने की योजना होगी। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देना, उद्योगों से जुड़ी परेशानियों का समाधान करना और पारंपरिक व्यवसायों को नई तकनीक के साथ आगे बढ़ाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

रोजगार और आर्थिक विकास के लिए उद्योगों को मजबूत करना जरूरी: बाजवा

प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब में आर्थिक विकास को गति देने के लिए उद्योगों के अनुकूल माहौल तैयार करना आवश्यक है। छोटे उद्यमियों, उद्योगपतियों, कारीगरों और श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने से कारोबार का विस्तार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकेंगे। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसे मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर दोनों कांग्रेस नेताओं ने विश्वकर्मा दिवस की बधाई देते हुए पंजाब के सभी कारीगरों, मेहनतकश श्रमिकों, उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *