HARYANA DESK : दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक रिहायशी सोसायटी में सजावट के लिए बिजली की लड़ियां लगाते समय 28 वर्षीय युवक की बालकनी से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान असीम खांची के रूप में हुई है। उनके पिता सीमा सुरक्षा बल (BSF) में डीआईजी पद पर तैनात हैं।
बालकनी में लाइटिंग करते समय बिगड़ा संतुलन
यह हादसा 4 नवंबर को गुरुग्राम के सेक्टर-85 स्थित द लीफ सोसायटी में हुआ। जानकारी के अनुसार, असीम अपने फ्लैट की बालकनी में दिवाली की सजावट के लिए बिजली की लड़ियां लगा रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरे। घटना के बाद सोसायटी के सुरक्षा कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ओडिशा में तैनात हैं पिता
असीम के पिता सत्यवान खांची BSF में डीआईजी हैं और वर्तमान में ओडिशा के कोरापुट में तैनात बताए गए हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह गुरुग्राम पहुंचे। रिपोर्टों के अनुसार, असीम अपनी मां के साथ सोसायटी के फ्लैट में रहते थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज भी खंगाली
हादसे की सूचना मिलने पर खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच के तहत सोसायटी के CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी गई। परिवार की ओर से दिए गए बयान में बताया गया कि असीम लाइटिंग लगाते समय संतुलन खो बैठे थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









