पंजाबी गायक कमल गਰੇवाल से 5 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप

विदेशी नंबर से मिली जान से मारने की धमकी

ENTERTAINMENT  DESK : पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी एक गंभीर खबर सामने आई है। मशहूर गायक कमलजीत सिंह गरेवाल, जिन्हें कमल गरेवाल के नाम से जाना जाता है, ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से शिकायत की है। गायक का आरोप है कि उन्हें विदेशी नंबर से फोन कॉल और वॉयस मैसेज भेजकर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

शिकायत के आधार पर लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-5 में गिल्ली राणा नाम के व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब कॉल करने वाले की पहचान और विदेशी नंबर के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

पटियाला में कार्यक्रम के दौरान आई थीं कॉल

पुलिस को दी गई शिकायत में कमल गरेवाल ने बताया कि सराभा नगर में उनकी एक म्यूजिक कंपनी का कार्यालय है। यहां दो कर्मचारी कंपनी के मोबाइल नंबर के जरिए लाइव शो और संगीत कार्यक्रमों की ऑनलाइन बुकिंग संभालते हैं।

गायक के अनुसार, 20 अक्टूबर को जब वह पटियाला में दशहरा कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति दे रहे थे, उस समय कंपनी के मोबाइल नंबर पर विदेशी नंबर से कई मिस्ड कॉल और वॉयस मैसेज आए। कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण वह उसी समय इन संदेशों को नहीं सुन पाए। अगले दिन जब उन्होंने वॉयस मैसेज सुने तो फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को गिल्ली राणा बताते हुए रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा होने का दावा किया और 5 करोड़ रुपये की मांग की।

1 नवंबर को फिर आया फोन, परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हुए गायक

शिकायत के मुताबिक, 1 नवंबर को कमल गरेवाल जब अपने सराभा नगर स्थित कार्यालय में मौजूद थे, तब उसी विदेशी नंबर से दोबारा कॉल आईं। पहले मिल चुकी धमकियों और लगातार संपर्क किए जाने के कारण गायक को अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।

वॉयस मैसेज में शो बंद करवाने और जान लेने की धमकी

शिकायत में बताया गया है कि भेजे गए ऑडियो संदेशों में कॉल करने वाले ने गायक को उनके लाइव शो बंद करवाने और मंच पर ही नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। संदेशों में कथित तौर पर यह भी कहा गया कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उनके करियर और जिंदगी को खत्म कर दिया जाएगा। फोन करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताया था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, विदेशी नंबर की जांच शुरू

मामले की जांच कर रहीं सब-इंस्पेक्टर जगराज कौर के मुताबिक, पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 308(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है। अब साइबर सेल और तकनीकी टीमों की मदद से विदेशी नंबर की जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान, उसकी लोकेशन और धमकी भरे संदेश भेजने के पीछे शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *