ENTERTAINMENT DESK : बॉलीवुड अभिनेत्री राधिका आप्टे इन दिनों अपनी वेब सीरीज अक्का को लेकर चर्चा में हैं। इसी दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के अपने पुराने अनुभव को साझा किया। अभिनेत्री ने बताया कि उनके करियर की एक तेलुगु फिल्म में ऐसा किरदार निभाना पड़ा था, जिसमें उनकी शादी कहानी के मुताबिक उनके मामा से कराई जाती है। राधिका ने इस भूमिका को अपने लिए काफी चुनौतीपूर्ण बताया।
Zoom को दिए इंटरव्यू में राधिका से उनके करियर के सबसे मुश्किल किरदार के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने एक तेलुगु फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्म में उन्हें अपने मामा से शादी करनी थी और उन्हें इस किरदार से जुड़ी लगभग हर बात नापसंद थी। इंटरव्यू में उनके साथ मौजूद अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने इस कहानी के संदर्भ में बताया कि तमिल और तेलुगु समाज की कुछ पारंपरिक कहानियों में इस तरह के रिश्तों को दिखाया जाता रहा है।
बड़े उम्र के अभिनेता के साथ रोमांस करना था मुश्किल
राधिका ने आगे बताया कि फिल्म में उन्हें खुद से काफी बड़े उम्र के अभिनेता के साथ रोमांटिक सीन भी करने पड़े थे। उनके मुताबिक, फिल्म का माहौल उन्हें पितृसत्तात्मक लगा और यही अनुभव उनके लिए सबसे ज्यादा असहज करने वाला था।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि फिल्म की कहानी के बीच में ही उनके किरदार की मौत हो जाती है। एक सीन में अभिनेता को उनके किरदार को कंधे पर उठाकर आगे बढ़ना था। राधिका ने इस सीन का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि वह शूटिंग के दौरान यही सोच रही थीं कि आखिर उनका किरदार कब मरेगा।
सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा
राधिका ने इंटरव्यू में फिल्म का नाम स्पष्ट रूप से नहीं बताया। हालांकि, उनकी टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने अंदाजा लगाया कि वह साल 2014 में आई फिल्म Legend की बात कर रही थीं। इस फिल्म में राधिका ने नंदमुरी बालकृष्ण के साथ काम किया था। हालांकि, अभिनेत्री की ओर से फिल्म के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राधिका आप्टे ने साल 2010 में राम गोपाल वर्मा की फिल्मों Rakta Charitra से तेलुगु सिनेमा में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने Dhoni, Legend और Lion जैसी फिल्मों में काम किया। Lion साल 2015 में रिलीज हुई थी और यह उनकी आखिरी तेलुगु फिल्म रही।
साउथ फिल्म इंडस्ट्री में रंगभेद पर भी रख चुकी हैं राय
इससे पहले एक अन्य इंटरव्यू में राधिका ने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में रंगभेद को लेकर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि पहले कई उत्तर भारतीय अभिनेत्रियों को दक्षिण भारतीय फिल्मों में उनकी गोरी त्वचा के कारण कास्ट किया जाता था। राधिका ने इस सोच को निराशाजनक बताया था।









