फिरोजपुर सेंट्रल जेल में तलाशी अभियान के दौरान बड़ी बरामदगी, 14 मोबाइल फोन और नशी/ला पदार्थ मिला

PUNJAB DESK : पंजाब की फिरोजपुर सेंट्रल जेल में जेल प्रशासन की ओर से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान प्रतिबंधित सामान बरामद होने का मामला सामने आया है। अलग-अलग बैरकों में की गई चेकिंग के दौरान कुल 14 मोबाइल फोन, नशीला पदार्थ और तंबाकू उत्पाद मिले हैं। इस मामले में थाना सिटी फिरोजपुर पुलिस ने 17 हवालातियों और कैदियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन ने अक्टूबर महीने में अलग-अलग तारीखों पर बैरकों की अचानक तलाशी ली थी। इस दौरान विभिन्न कंपनियों के 14 मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए। ये मोबाइल फोन 17 हवालातियों और कैदियों से संबंधित तलाशी के दौरान मिले।

26 ग्राम संदिग्ध नशीला पाउडर भी बरामद

तलाशी अभियान के दौरान मोबाइल फोन के अलावा 76 पुड़ियां जर्दे की और 8 पुड़ियां कूल लिप की भी बरामद हुईं। इसके साथ ही करीब 26 ग्राम सफेद रंग का संदिग्ध नशीला पाउडर मिला, जो देखने में हेरोइन जैसा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, कुछ प्रतिबंधित सामान को मोमी लिफाफों में छिपाकर रखा गया था। वहीं, कुछ सामान जेल की बाहरी दीवार के ऊपर से अंदर फेंककर पहुंचाए जाने की आशंका जताई गई है।

17 हवालातियों और कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में थाना सिटी फिरोजपुर पुलिस ने पंजाब प्रिजन एंड करेक्शनल सर्विस एक्ट 2026 की संबंधित धाराओं के तहत 17 हवालातियों और कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह कर रहे हैं। पुलिस और जेल प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर कैसे पहुंचा। इस बरामदगी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *