PUNJAB DESK : पंजाब में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जालंधर के तेज मोहन नगर इलाके में नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में एक मकान को ध्वस्त कर दिया। यह मकान गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी का बताया जा रहा है, जिस पर पुलिस के अनुसार नशा तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक, संबंधित मकान करीब 70 साल पुराना था। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस कार्रवाई को पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत अंजाम दिया गया।
जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि गगनदीप उर्फ गग्गी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कई केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी फिलहाल कपूरथला जेल में बंद है। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान उसके मकान को गिराया गया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के तहत नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के कारोबार से संपत्ति बनाने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस कदम को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।









