ENTERTAINMENT DESK : साउथ सिनेमा में इन दिनों तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बेटे जैसन संजय की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘सिग्मा’ चर्चा में है। फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और इसी बीच मुख्यमंत्री विजय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, विजय ने राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान कुछ ऐसा किया, जिसे लोग बेटे की फिल्म के लिए उनका खास समर्थन मान रहे हैं। शुक्रवार को विजय मधुरांतकम में रोड शो कर रहे थे। इस दौरान वह अपने काफिले के साथ लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। तभी भीड़ में मौजूद पार्टी के एक कार्यकर्ता ने उन्हें जैसन संजय की फिल्म ‘सिग्मा’ के पोस्टर वाली एक फ्रेम की हुई तस्वीर भेंट की। विजय ने भी बिना किसी झिझक के तस्वीर हाथ में ली और उसे सिर से ऊपर उठाकर वहां मौजूद लोगों को दिखाया।
रोड शो में दिखा पिता का खास अंदाज
रोड शो के दौरान विजय का यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया। उन्होंने तस्वीर को हाथ में लेकर चारों ओर मौजूद समर्थकों की तरफ लहराया। कुछ ही देर में इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग पिता के इस खास अंदाज की चर्चा करने लगे। खास बात यह है कि विजय राजनीतिक जिम्मेदारियों के चलते बेटे की फिल्म के प्रचार से दूरी बनाए हुए थे, लेकिन रोड शो के दौरान सामने आया यह पल उनके समर्थन को जाहिर करता नजर आया। फिल्म की रिलीज के मौके पर परिवार की मौजूदगी और विजय का यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
जैसन संजय ने बतौर निर्देशक किया डेब्यू
जैसन संजय ने फिल्म ‘सिग्मा’ के जरिए निर्देशन की दुनिया में अपना पहला कदम रखा है। बेटे की इस नई शुरुआत के बीच विजय का सार्वजनिक कार्यक्रम में फिल्म की तस्वीर लहराना उनके परिवार के लिए एक खास पल बन गया। फिलहाल, रोड शो का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और ‘सिग्मा’ की रिलीज के साथ ही जैसन संजय का नाम भी सुर्खियों में बना हुआ है।









